Thursday April 25, 2024

Registration Login Contact

B

Hindi News / भारत / न्यूज़

झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ी, जानिए कितने के एक्टिव केस

Advertisement
29 May 2025 || Sanjay Kumar
1259
Advertisement

देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में तेजी देखने को मिल रही है। अब तक पूरे देश में 1200 से ज्यादा नए मरीज सामने आ चुके हैं और 12 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। झारखंड की राजधानी रांची में भी कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं। यहां अब तक 3 कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। 
रांची में मिले 3 कोरोना मरीज

रांची में पहला केस 24 मई को सामने आया था। ये मरीज लोहरदगा का रहने वाला था और महाराष्ट्र से लौटा था। उसे सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां डॉ. मोहित नारायण की निगरानी में इलाज चल रहा है। बाकी 2 मरीजों की रिपोर्ट सोमवार रात माईक्रोप्रैक्सिस लैब में पॉजिटिव आई है। इनमें से एक मरीज 61 साल का पुरुष है, जो कोयंबटूर और महाराष्ट्र की यात्रा करके रांची लौटा है। उसका सैंपल घर से लिया गया था। वहीं दूसरी मरीज 21 साल की महिला है, जो रांची की ही रहने वाली है और कहीं बाहर नहीं गई है। वह सैंफोर्ड हॉस्पिटल में भर्ती है। 

माईक्रोप्रैक्सिस लैब की माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. पूजा सहाय ने बताया कि दोनों मरीजों में कोरोना का जेएन-1 वेरिएंट मिला है। यह ओमिक्रोन का ही एक नया रूप है, जो काफी तेजी से फैलता है। इसके लक्षण भी ओमिक्रोन की तरह ही हैं और सामान्य फ्लू जैसे दिखाई देते हैं। डॉ. पूजा ने लोगों से अपील की है कि पुराने नियमों का फिर से पालन जरूरी है। मास्क पहनें, भीड़भाड़ से बचें, और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। अगर कोई लक्षण दिखाई दे तो तुरंत कोविड टेस्ट कराएं। वहीं झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। राज्य सरकार पूरी तरह तैयार है और हालात पर नजर रखी जा रही है। केंद्र सरकार की गाइडलाइंस मिलते ही सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। सदर अस्पताल समेत सभी अनुमंडल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैयारी की जा रही है।